औरैया। भीषण गर्मी के बीच शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में विद्युत व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। फॉल्ट और ओवरलोडिंग से लोग परेशान हैं। इससे बार-बार बिजली जा रही है। बच्चों और बुजुर्गों की नींद उड़ी हुई है।
गर्मी में कहीं ओवरलोडिंग के चलते बार-बार ट्रिपिंग हो रही है तो कहीं लोकल फॉल्ट लोगों के लिए जंजाल बने हुए हैं। जब इस संबंध में विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से बात की जाती है तो वे सिर्फ ओवरलोड का हवाला देते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में चार से पांच घंटे ही बिजली आ रही है। वर्तमान समय में ग्रामीण क्षेत्रों के लोग सबसे ज्यादा बिजली संकट से जूझने को मजबूर हैं।
गांवों में रात के समय होने वाली अघोषित कटौती के कारण लोगों को रतजगा करना पड़ रहा है। नींद पूरी न होने के कारण लोगों की सेहत पर भी विपरीत असर पड़ रहा है और उनका पूरा दिन प्रभावित हो रहा है।
-
रात की बिजली कटौती ने बढ़ाई मुसीबत
एरवाकटरा। क्षेत्र में रात के समय हो रही बिजली कटौती लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। लगातार हो रही कटौती से बच्चे, बुजुर्ग, गृहिणियां, किसान और व्यापारी तक रातभर जागने को मजबूर हैं। उमस भरी गर्मी में बिजली न रहने से लोगों की नींद प्रभावित हो रही है और दिनचर्या पर भी असर पड़ रहा है। बिजली उपभोक्ताओं में इसे लेकर विभाग के प्रति आक्रोश पनपता चला जा रहा है।
नींद खराब हो रही
दिन में होने वाली बिजली कटौती को लोग किसी तरह सहन कर लेते हैं लेकिन रात के समय होने वाली कटौती ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इससे रात की नींद भी खराब हो रही है।
-चंद्रशेखर, तुर्कपुर यासीन
-
बिजली आपूर्ति बाधित
एरवाकटरा फीडर से रात में रोस्टिंग के तहत करीब रात 8 बजे से रात 2 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। यह कटौती दो-दो घंटे की दो किश्तों में की जा रही है जिससे लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है।
-धर्मेंद्र सिंह, व्यापारी कुकरकाट
-
रात में राहत नहीं
रात के समय की जा रही रोस्टिंग में बदलाव किया जाए और दो घंटे की कटौती रात में तथा दो घंटे दिन के समय की जाए। लोगों को रात में राहत नहीं मिल रही, लोग परेशान हैं।
-हरिओम शर्मा, उमरैन
-
उमस में कट रही रात
बिजली कटौती के कारण उमस और गर्मी में रात गुजारना मुश्किल हो जाता है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। -रामरतन, नगला बांस
-
पनकी स्थित ग्रिड से रात्रिकालीन रोस्टिंग का शेड्यूल जारी किया गया है। उसी के अनुसार एरवाकटरा क्षेत्र के विभिन्न फीडरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति की जा रही है। निर्धारित शेड्यूल के अनुरूप ही कटौती और सप्लाई संचालित की जा रही है। -कुलवंत सिंह, अवर अभियंता
दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे कटी बिजली
कंचौसी। भीषण गर्मी में बिजली कटौती का दंश आम लोगों को झेलना पड़ रहा है। इससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। कंचौसी नगर के विभिन्न क्षेत्रों में अघोषित व घोषित कटौती ने उपभोक्ताओं का जीना मुश्किल कर दिया है।
असेनी पावर से जुड़े नौगवा फीडर से संबंधित क्षेत्र में बिजली कटौती की समस्या से लोग शनिवार रात से लोग परेशान हैं। बताया जा रहा है कि दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे से इस क्षेत्र में बिजली कट गई। इसके बाद लोग परेशान होने लगे।
दोपहर तीन बजे के आसपास बिजली बहाल हुई। सुबह और दोपहर में लो वोल्टेज की समस्या से लोग जूझते रहे इसे करीब एक घंटे बाद ठीक किया जा सका। (संवाद)
फोटो -15- चंद्रशेखर। संवाद
फोटो -15- चंद्रशेखर। संवाद
फोटो -15- चंद्रशेखर। संवाद