सहायल। थाना क्षेत्र स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. अर्चना मिश्रा के साथ स्कूल परिसर में घुसकर अभद्रता करने और धमकी के मामले में पिता और दो बेटों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना पुलिस ने दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा है।
डॉ. अर्चना मिश्रा ने पुलिस को बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय में राजकीय कार्यों के लिए बोलेरो पिछले दो वर्षों से अनुबंध पर लगी हुई थी। यह गाड़ी राजकुमार के नाम पर पंजीकृत थी और उनके पुत्र विकास द्वारा स्वयं चलाई जाती थी। इस गाड़ी के टेंडर की अवधि सात अगस्त को समाप्त हो चुकी थी, जिसकी सूचना वाहन स्वामी को पहले ही दे दी गई थी। आरोप है कि 22 अगस्त की दोपहर गांव बादशाहपुर छौंक निवासी राजकुमार, उनके बेटे विकास और अंशुल अचानक विद्यालय के मेस के अंदर बिना अनुमति के घुस आए। उस समय मेस में छात्र-छात्राएं भोजन कर रहे थे।
आरोपियों ने वहां हंगामा किया और प्रधानाचार्य के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जब उन्हें रोकने का प्रयास किया गया, तो वे धमकी देते हुए मौके से भाग गए। इससे पहले 20 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे वाहन चालक विकास अपने भाई अंशुल के साथ प्रधानाचार्य के कार्यालय में घुस आया। दोनों ने अभद्र शब्दों का प्रयोग किया और धमकी दी कि हमारी गाड़ी विद्यालय में नहीं लगाई तो नौकरी नहीं करने देंगे। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपियों को पकड़ा है। । जल्द उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।