समिति पर धरना- प्रदर्शन करते किसान।संवाद
सहार। बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति पर सोमवार को किसान यूनियन के पदाधिकारियों और किसानों ने खाद की समस्या को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। यूनियन जिलाध्यक्ष विपिन राजपूत व ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि समिति से किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पा रही है।
किसानों ने कहा कि वर्तमान समय में खेती के लिए यूरिया और डीएपी खाद की आवश्यकता है, लेकिन खाद उपलब्ध न होने के कारण भटकना पड़ रहा है। किसानों ने समिति पर खाद की पर्याप्त व्यवस्था कराने और समय से समिति खोलकर किसानों को खाद उपलब्ध कराने की मांग की। किसान नेताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
समिति सचिव मधु जायसवाल ने बताया कि समिति में 30 जुलाई को 300 बोरी खाद आई थी। इसमें से रविवार को 251 बोरी किसानों को वितरित कर दी गई थी। 49 बोरी खाद का वितरण सोमवार को किया जा रहा है। 31 जुलाई को समिति में 300 बोरी डीएपी खाद भी प्राप्त हुई थी। इसमें से अब तक करीब 70 किसानों को खाद दी जा चुकी है और 230 बोरी डीएपी समिति में उपलब्ध है। समिति सचिव ने बताया कि 600 बोरी यूरिया खाद की मांग विभाग को भेजी गई है।(संवाद)