एरवाकटरा। थाना क्षेत्र के गांव वीलपुर में मंगलवार दोपहर ट्रांसफार्मर का फ्यूज जोड़ते समय करंट की चपेट में आकर एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल सीएचसी ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सैफई रेफर कर दिया गया।
गांव निवासी सत्यपाल (50) मंगलवार दोपहर करीब दो बजे अपने निजी नलकूप पर रखे ट्रांसफार्मर का फ्यूज जोड़ रहे थे। इसी दौरान वह 11 केवीए विद्युत लाइन के करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
विद्युत विभाग के अवर अभियंता कुलवंत सिंह ने बताया कि सत्यपाल ने विभाग को सूचना दिए बिना और लाइन का शटडाउन लिए बगैर ट्रांसफार्मर का फ्यूज जोड़ने का प्रयास किया।
इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए। उन्होंने लोगों से विद्युत लाइनों एवं ट्रांसफार्मरों पर किसी भी प्रकार का कार्य स्वयं न करने की अपील की है। कहा है कि लोग विभागीय कर्मचारियों की सहायता लें। (संवाद)