फफूंद। थाना क्षेत्र के गांव दसरौरा में सोमवार सुबह खेत में फसल में सिंचाई करने गया एक किसान संदिग्ध हालात में अचेत पड़ा मिला। आसपास काम कर रहे किसानों ने परिजन को सूचना दी। परिजन उसे अस्पताल ले गए। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
गांव दसरौरा निवासी सुरेश चंद्र (53) सोमवार सुबह खेत पर उड़द की फसल सिंचाई करने गए थे। बताया जा रहा है कि सिंचाई के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह वहीं खेत में गिरकर अचेत हो गए। काफी देर तक जब वह नहीं हिले तो पास के खेतों में काम कर रहे अन्य किसानों को शक हुआ। पास जाकर देखा तो सुरेश बेसुध पड़े थे। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
किसान के तीन बेटे और एक बेटी है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि परिजन ने मौत का कारण पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। इसके चलते पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने पर मौत का सही कारण पता चलेगा।