दिबियापुर (औरैया)। दिल्ली के वाणिज्य न्यायालय के आदेश पर किसान मोल्डिंग लिमिटेड की आेर से अधिकारियों ने मंगलवार को औरैया रोड पर स्थित एक गोदाम और दुकान पर छापा मारा।
छापे में किसान ब्रांड का चार ट्रक से ज्यादा नकली पाइप बरामद किया गया। जब्त किए गए माल की कीमत करीब 40 लाख बताई जा रही है।
मामला किसान ब्रांड के नाम पर नकली पाइप बेचने का है। दिल्ली की किसान मोल्डिंग लिमिटेड फर्म को सूचना मिली थी कि कस्बे के औरैया रोड स्थित दीपक दुबे की आेर से संचालित द्विवेदी हार्डवेयर उनके रजिस्टर्ड ट्रेडमार्क का उल्लंघन कर रही है।
कंपनी के लीगल एडवाइजर नवकार एसोसिएट्स की वकील नम्रता जैन और विजय सोनी ने दिल्ली कोर्ट में इसका मामला दायर किया था। कोर्ट से नियुक्त कमिश्नर दीपांशी भारद्वाज ने स्थानीय पुलिस के साथ मंगलवार को गोदाम और दुकान में छापा डाला।
मामले की जांच में पाया गाया कि फैक्टरी किसान मोल्डिंग के रजिस्टर्ड ट्रेडमार्क और कॉपीराइट का उल्लंघन कर पाइप बेच रही थी। कार्रवाई में दुकान से 100 से अधिक पाइप और फैक्टरी से चार ट्रक नकली माल जब्त किया गया। इसकी कीमत लगभग 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
टीम के लोगों ने बताया कि कोर्ट के आदेश के बाद अब द्विवेदी हार्डवेयर किसान ब्रांड के नाम से पाइप की खरीद-बिक्री, स्टॉक, मार्केटिंग या विज्ञापन नहीं कर सकती। ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रुद्र प्रताप नारायण त्रिपाठी, एक उपनिरीक्षक, चीता मोबाइल, महिला सिपाही की टीम भी साथ रहीं।