मरीज का सीटी स्कैन करते चिकित्सक
- फोटो : amarujala
औरैया। जिले के मरीजों के लिए खुशखबरी की बात है कि सौ शैय्या युक्त जिला अस्पताल में लगी सीटी स्कैन की मशीन लंबे इंतजार के बाद अब शुरू हो गई है। शुक्रवार से शुरू हुई इस सुविधा से अब तक दो मरीजों को लाभान्वित किया जा चुका है। इस मशीन के जिला के अस्पताल में संचालन शुरू होने से अब सीटी स्कैन के लिए मरीजों को बाहर की दौड़ नहीं लगानी होगी।
पिछले लगभग दो महीनों से सौ शैय्या युक्त जिला अस्पताल में स्थापित सीटी स्कैन मशीन का काम एक सप्ताह पहले पूरा हो चुका था। कुछ विभागीय समस्याओं के चलते अब तक इसका संचालन शुरू नहीं कराया जा सका था। शुक्रवार को सीएमएस डॉ. राजीव रस्तोगी के निर्देश के बाद मशीन का संचालन शुरू करा दिया गया है।
इस संबंध में सीएमएस डॉ. राजीव रस्तोगी ने बताया कि सीटी स्कैन सुविधा का लाभ केवल उन्हीं मरीजों को मिलेगा जिसके लिए सरकारी अस्पतालों के चिकित्सकाें की ओर से पर्चे पर सीटी स्कैन कराने का परामर्श दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अस्पताल में प्राइवेट चिकित्सकों की ओर से किए गए परामर्श पर मरीज को सीटी स्कैन की सुविधा नहीं मिलेगी। उन्होंने बताया कि सौ शैय्या युक्त जिला अस्पताल में यह सुविधा मरीजों को निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। उधर सीटी स्कैन मशीन के सौ शैय्या युक्त जिला अस्पताल में संचालन शुरू होने से अब मरीजों को दूसरे जिलों तक दौड़ लगाने से निजात मिलेगी।