दिबियापुर। हरचंदपुर विद्युत उपकेंद्र पर तैनात संविदा कर्मी ने दो लोगों पर झूठी शिकायत करने के बाद डेढ़ लाख रुपये रंगदारी मांगने व मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
हरचंदपुर निवासी प्रवीन शर्मा ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वह हरचंदपुर विद्युत उपकेंद्र में संविदा एसएसओ के पद पर तैनात हैं। आरोप है कि एरवाकटरा के बौलपुर निवासी रामकुमार तिवारी विद्युत निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों से रंगदारी वसूलता है।
28 मार्च को आरोपी ने अपने साथी रजत दीक्षित के माध्यम से जिलाधिकारी से उसकी झूठी शिकायत करवा दी। शिकायत की जानकारी के लिए 30 मार्च को वह अपने साथी शरद सिंह के साथ कार्यालय आया था। वहां मौजूद रामकुमार व रजत ने उसे जबरन अपनी कार में बैठा लिया और पानी की टंकी पर ले गए।
वहां आरोपियों ने राइफल लगाकर शिकायत वापस लेने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये व प्रति माह पांच हजार रुपये रंगदारी की मांग की। इन्कार करने पर मारपीट कर उससे 1800 रुपये ले लिए। थानाध्यक्ष मुकेश चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर रामकुमार व रजत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।