शहर के जालौन रोड पर नाले के ऊपर इंटरलॉकिंग कर किया गया अतिक्रमण।
- फोटो : शहर के जालौन रोड पर नाले के ऊपर इंटरलॉकिंग कर किया गया अतिक्रमण।
औरैया। शहर में जालौन रोड के किनारे बना नाला अतिक्रमण का शिकार है। यहां पर लोगों ने नालों को पाटकर कब्जे कर लिए और उन पर दुकानें भी सजा ली हैं।
नालों पर कब्जे होने से पालिका के कर्मचारी सफाई नहीं कर पा रहे हैं। सफाई न होने से बारिश के दिनों में संकट गहरा सकता है। पालिका ने अतिक्रमण हटाने को लेकर पीडब्ल्यूडी के पाले में गेंद डाल दी है। इस पूरे मामले को एक सप्ताह का समय हो चुका है, लेकिन नालों पर हुए कब्जे हटाने का अभियान शुरू नहीं हो सका है।
जून माह में मानसून दस्तक देता है। इसे देखते हुए शासन स्तर से जारी निर्देश के तहत नालों की सफाई होनी है। नगर पालिका परिक्षेत्र में नालों की सफाई का अभियान शुरू किया गया है। ज्यादातर नालों की सफाई पूरी हो चुकी है, लेकिन शहर के मुख्य नाले जालौन रोड किनारे सफाई का अभियान शुरू होने से पहले ही ठंडे बस्ते में चला गया।
पता चला कि कई दुकानदारों ने अवैध निर्माण करा नालों पर कब्जा कर लिया है। नालों के ऊपर इंटरलॉकिंग तक बिछा दी गई है। कर्मचारियों की सूचना पर नगर पालिका परिषद के अधिकारी हरकत में आए, लेकिन अतिक्रमण हटाने को लेकर सड़क पीडब्ल्यूडी की बताकर विभाग को आगे कर दिया।
हालांकि पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से अतिक्रमण हटाने को लेकर पुलिस फोर्स की मांग की गई है। माना जा रहा है कि बारिश से पहले सफाई नहीं हुई तो जलभराव का संकट हो सकता है। नाला फिलहाल चोक पड़ा है।
पीडब्ल्यूडी से वार्ता हो गई है। जालौन रोड किनारे नाले पर हुए अवैध अतिक्रमण को एक दो दिन में हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। जिसके बाद विधिवत सफाई कराई जाएगी।-रामआसरे कमल, ईओ नगर पालिका परिषद