डीएम ने तहसील दिवस में अनुपस्थिति मत्स्य विभाग, सेवायोजन तथा श्रम प्रवर्तन अधिकारियाें को कारण बताओ नोटिस जारी किए। आज के तहसील दिवस में आई कुल 105 शिकायताें में छह का मौके पर निस्तारण किया गया।
डीएम शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। साथ ही तीन शिकायतें अनिस्तारित देख उनका पारा चढ़ गया। खफा डीएम ने अधिकारियों को एक सप्ताह में सभी शिकायतों की निस्तारण आख्या देने के निर्देश दिए।
मनोरमा महाविद्यालय फफूंद रोड औरैया में सत्र 2012-13 में समस्त अनुसूचित जाति एवं जनजाति के बीएड छात्र एवं छात्रा योगेश बाबू, मंजूलता, आरती, स्नेहप्रभा, शहनवाज आदि ने डीएम से शिकायत की कि उनसे लिए गए 5000 रुपये परीक्षा शुल्क वापिस नहीं किया गया है। डीएम ने एसएचओ औरैया को कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए।
नगर पंचायत बाबरपुर अजीतमल के मोहल्ला विद्यानगर के निवासियों ने शिकायत की है कि मुहल्ले की भटा रोड पर बनने वाली सड़क को बनवाने के लिये मुहल्ले के लोगों ने अनशन के दौरान उप जिलाधिकारी द्वारा दिया गया आश्वासन पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं किए जाने की शिकायत की।
इस पर डीएम ने उप जिलाधिकारी को शीघ्र ही सड़क बनवाने की हिदायत दी है।
वहीं तहसील दिवस में गैर हाजिर रहे श्रम प्रवर्तन अधिकारी, मत्स्य विभाग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और जिला सेवायोजन अधिकारी का नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किए जाने के निर्देश दिए।
तहसील दिवस में मौजूद पुलिस अधीक्षक औरैया मनोज तिवारी ने पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों को सुना और उन्हें शीघ्र ही निस्तारण कर आख्या देने की हिदायत दी।
इस मौके पर सीडीओ शिवराज सिंह, सीएमओ नरेंद्र कुमार सिंह यादव, उपजिलाधिकारी बृजपाल सिंह, तहसीलदार देवेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी रमेश भारती, बीएसए राजेश कुमार श्रीवास, डीआईओ एस राजकुमार पंडित आदि समस्त विभागों के अधिकारी मौजूद रहे ।