कंचौसी (औरैया)। ग्रामीण इलाकों में 18 घंटे बिजली के दावे हैं, लेकिन 24 घंटे में सात-आठ घंटे ही आपूर्ति हो रही है। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को कंचौसी में ट्रांसफार्मर के पास नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
असेनी पावर हाउस से जुड़े नौगवां से संबद्ध गांवों में एक सप्ताह से सात-आठ घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है। इसमें भी ट्रिपिंग होती रहती है। भीषण गर्मी व लू से जहां लोग बेहाल हैं, वहीं बिजली की आंख-मिचौली व अघोषित कटौती ग्रामीणों के पसीने छुड़ा रही है। लोगों का कहना है कि अफसर फोन नहीं उठा रहे।
सोमवार को आक्रोशित ग्रामीण ट्रांसफार्मर के पास एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की। उपभोक्ताओं ने बताया कि फीडर से जुड़े नौगवा, अमरपुर, सुंदरपुर, रंजीतपुर, पुरवा महिपाल, बट्टहा, विजई पुरवा, कंचौसी बाजार, हरतौली, कानमऊ सहित 15 गांवों में 24 घंटे में मात्र सात-आठ घंटे आपूर्ति हो पा रही है।
प्रदर्शन में सतेंद्र सिंह, धर्मवीर, आशाराम राठौर, ऋषि सविता, शिवम कुमार, दयाराम , राजेश कुमार आदि मौजूद रहे। एसडीओ दिबियापुर संतोष कुमार ने बताया कि ओवरलोड के चलते समस्या उत्पन्न हो रही है। बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।