औरैया। जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार ने बुधवार को कलक्ट्रेट परिसर में निर्वाचन सोशल मीडिया सेल का शुभारंभ किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी सूचनाओं का त्वरित और प्रामाणिक प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य मतदाताओं तक सही जानकारी पहुंचाना है।
सोशल मीडिया सेल प्रभारी को 21 व 22 नवंबर तथा 28 व 29 नवंबर को होने वाले विशेष कैंपों का व्यापक प्रचार करने को कहा गया। युवा मतदाताओं और महिलाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिला कांटेक्ट सेंटर का भी निरीक्षण किया। केंद्र प्रभारी ने बताया कि नौ लोगों ने मतदाता पहचान पत्र डाउनलोड और ऑनलाइन पंजीकरण की जानकारी ली है। जिलाधिकारी ने शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों से स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा।