अछल्दा। थाना क्षेत्र के घसारा रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह इटावा जाने के लिए टिकट लेकर प्लेटफार्म की ओर जा रहे एक 85 वर्षीय बुजुर्ग की एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।
वह पटरी पार कर रहे थे। हादसे के बाद लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका और स्टेशन मास्टर को सूचना दी।
गांव घसारा निवासी गोपीनाथ (85) सोमवार सुबह करीब 10 बजे मेमू ट्रेन से इटावा जाने के लिए घसारा स्टेशन आए थे। उन्होंने स्टेशन से टिकट लिया और पटरी पार कर प्लेटफार्म की तरफ जाने लगे। इसी दौरान इटावा की तरफ जा रही झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस वहां से गुजरी। बुजुर्ग जब तक संभल पाते, वह तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए।
हादसा के बाद लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए और ट्रेन को घसारा स्टेशन के आगे रोक दिया। इसके बाद घटना की जानकारी स्टेशन मास्टर को दी गई। करीब पांच मिनट तक खड़ी रहने और इंजन की जांच करने के बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
गोपीनाथ के दो पुत्र धर्मेंद्र और उमेश हैं। गोपीनाथ गांव में अपने बेटे धर्मेंद्र के साथ रहते थे जबकि दूसरा बेटा उमेश कानपुर में रहता है। उनकी पत्नी की मौत पहले ही हो चुकी है। थाना प्रभारी सुरेश चंद्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।