औरैया। जिले में कानून-व्यवस्था को बेहतर करने के लिए पुलिस विभाग में फेरबदल किया गया है।
एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि छह निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं वाचक को पुलिस लाइन भेज दिया गया। हालांकि यह आदेश 20 जून को जारी हुआ था लेकिन सोमवार को सूची सोशल मीडिया पर वायरल हुई।
सूची के अनुसार एसपी के वाचक निरीक्षक संतप्रकाश पटेल को पुलिस लाइन भेजा गया है। वहीं लाइन में मौजूद मुकेश बाबू चौहान को एसपी का वाचक बनाया गया। इसी प्रकार निरीक्षक पंकज मिश्रा को लाइन से प्रभारी आईजीआरएस भेजा गया। निरीक्षक रुद्र नारायण त्रिपाठी को पुलिस लाइन से अपराध शाखा भेजा है।
इसके अलावा निरीक्षक संजय कुमार राय पुलिस लाइन से अतिरिक्त निरीक्षक सदर कोतवाली, निरीक्षक राजेश कुमार पुलिस लाइन से थाना दिबियापुर की कमान सौंपी गई है। वहीं लाइन से रमेश चंद्र को बबाइन चौकी व आनंद शर्मा को हरचंदपुर चौकी की जिम्मेदारी दी गई। (संवाद)
अनुशासनहीनता में दो पुलिसकर्मी निलंबित
औरैया। थाना अछल्दा में तैनात दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उच्चाधिकारियों को मिली अनुशासनहीनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह उठाया गया है।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में मुख्य आरक्षी आशुतोष गौतम और आरक्षी दिलीप कुमार शामिल हैं। इन दोनों कर्मियों पर अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने का आरोप है। यह आदेश 21 जून को जारी हुआ है। एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि दोनों को निलंबित करते हुए जांच के निर्देश दिए गए हैं। (संवाद)