फफूंद के महावीर मंदिर के दरवाजे बंद रहे
- फोटो : AURAIYA
औरैया। जनता कर्फ्यू का असर धार्मिक स्थलों पर भी देखने को मिला। रविवार को जिले के सभी मंदिर व मस्जिद बंद रहे। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रोजा रख व कुरान की तिलावट कर नमाज अदा की। मुल्क की हिफाजत के लिए अल्लाह से दुआएं मांगी।
शहर के रुहाई मोहल्ला स्थित संकट मोचन मंदिर, संकट हरण मंदिर, गुमटी मोहल्ला स्थित द्वारिकाधीश मंदिर, फूलमती मंदिर, आवास विकास स्थित काली माता मंदिर, जेसीज चौराहा स्थित कालीमाता मंदिर, नारायनपुर स्थित गमादेवी मंदिर, शीतला माता मंदिर, बड़ी माता मंदिरों के पट पूरे दिन बंद रहे। पुजारियों ने बताया कि कोरोना को देश से भगाने के लिए लोग जनता कर्फ्यू का समर्थन कर रहे हैं। रात नौ बजे के बाद ही आरती के साथ मंदिरों को खोला गया।
वहीं, फफूंद स्थित खानकाह आस्ताना आलिया समदिया के सज्जादा नशीन सैयद अख्तर मियां चिश्ती ने जनता कर्फ्यू का समर्थन करते हुए जिले के सभी मुस्लिम समुदाय के लोगों से रविवार व सोमवार को रोजा रख अपने खुदा को राजी कर कोरोना वायरस से वतन के आवाम की हिफाजत की दुआएं करने को कहा। मुस्लिमों ने अल्लाह से अवाम के जान माल की हिफाजत व कोरोना के प्रकोप से देश को बचाने की दुआएं की।