औरैया। गैर प्रांतों से आए लोग प्रशासन की निगरानी में रहे। मुंबई से आए एक युवक को बाबरपुर तिराहे पर वाहन का इंतजार करते देख वहां पर मौजूद पुलिस ने उससे पूछताछ की। इसी दौरान निरीक्षण करने पहुंचे डीएम अभिषेक सिंह ने उक्त युवक को सीएचसी अजीतमल भेजने के आदेश दिए।
108 एंबुलेंस द्वारा युवक को सीएचसी अजीतमल ले जाया गया। जहां पर डाक्टरों की टीम ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मास्क व सैनिटाइजर देकर घर भेज दिया।
दूसरी ओर गुजरात के भरूच में माली का काम करने वाले दो युवकों को पुलिस ने सीएचसी अजीतमल भेजा। जहां प्राथमिक जांच के बाद उन्हें भी घर भेज दिया गया। गुजरात के ही एक अन्य शहर में सिक्योरिटी कंपनी में नौकरी करने वाले फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक बाबरपुर में वाहन का इंतजार कर रहा था।
तो स्थानीय लोगों ने उससे सीएचसी अजीतमल में जांच कराते हुए घर जाने का आग्रह किया। इसके बाद वह सीएचसी अजीतमल गया, जहां पर जांच के बाद उसे एहतियात बरतने के निर्देश देते हुए घर भेज दिया गया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने बताया कि तीनों युवकों की डाक्टरों की टीम ने प्राथमिक जांच की थी। उनमें कोरोना के कोई लक्षण न मिलने पर उन्हें मास्क व सैनिटाइजर देकर घर भेज दिया गया है। डाक्टरों की टीम अगले 28 दिनों तक उनके घरों पर ही उनका निरीक्षण करेगी।