औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की महिला ने दो लोगों पर रिवाल्वर के बल पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि छह दिन पहले स्कूटी से जाते समय कार सवार दो लोगों ने उसे रोक लिया। इसके बाद रिवाल्वर की बल पर छेड़छाड़ की। जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। ।पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला ने बताया कि 18 जनवरी की रात लगभग आठ बजे वह स्कूटी से मोहल्ला ओमनगर स्थित एक गेस्ट हाउस एक समारोह में जा रही थी। जमालशाह के पास स्कार्पियो ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे वह स्कूटी समेत सड़क पर गिर गई। इसके बाद कार से रिवाल्वर लेकर शराब के नशे में उतरे दो लोगों ने उसे गालियां देना शुरू कर दिया। साथ ही जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया। कार से अगवा करने की धमकी दी।
आरोपियों ने एक व्यक्ति ने रिवाल्वर लगाकर बदनीयती से उसे पकड़ने की कोशिश भी की। उसके शोर मचाने पर आरोपी कार में बैठकर भाग गए। आरोपियों ने उसके पहचान वाले एक युवक पर फायर भी किया। इससे वह बाल-बाल बच गया। पीड़िता ने कोतवाली थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी के मुताबिक जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।