औरैया। शहर के खानपुर चौराहे से देवकली मार्ग पर अब आड़े-तिरछे ऑटो, ई-रिक्शा या फिर ठेले नहीं दिखेंगे। यातायात पुलिस इनका चालान करेगी। चौराहे पर जाम लगने पर डीएम ने नाराजगी जताई है।
शहर से करीब पांच किमी. दूर यमुना नदी के तल पर देवकली मंदिर है। शहर के खानपुर चौराहे से होते हुए भक्त देवकली मंदिर को जाते हैं, लेकिन चौराहे पर सवारियां भरने के लिए चालक ऑटो, ई-रिक्शा खड़ा और ठेले खड़े कर देते हैं। इससे वहां पर जाम की समस्या बनी रहती है।
इसे लेकर डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने समीक्षा में नाराजगी जताई। उन्होंने शहर कोतवाल को यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कहा कि चौराहे पर पुलिस बल की ड्यूटी लगाई जाए। अव्यवस्थित खड़े वाहनों को सही स्थानों पर खड़ा कराया जाए। सावन मास में श्रद्धालुओं को मंदिर के रास्ते पर असुविधा का सामना न करना पड़े।