बिधूना (औरैया)। कस्बे के बेला रोड स्थित कमलपुर नहर पुल के पास ईंटों से भरा एक डंपर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में झांसी निवासी डंपर चालक को हल्की चोटें आईं, जबकि परिचालक बच गया।
डंपर सड़क पर पलट जाने उसमें लदी ईंटें फैल गईं। इससे एक ओर का यातायात बाधित रहा और वाहनों को एक ही तरफ से निकाला जाता रहा।
झांसी निवासी चालक आत्माराम डंपर में कन्नौज से ईंट भरकर झांसी जा रहे थे। चालक ने बताया कि रात करीब 10 बजे बिधूना क्षेत्र में बेला-बिधूना नहर पुल के पास सामने से आ रहे वाहनों की तेज रोशनी के कारण सड़क के बीच बने डिवाइडर का अंदाजा नहीं लग सका। इसी दौरान डंपर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। डंपर डिवाइडर पर चढ़ने से क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में चालक आत्माराम को हल्की चोट आई, उन्हें इलाज के सीएचसी बिधूना भेजा गया, जबकि परिचालक दशरथ सिंह बच गए। डंपर पलटने के कारण ईंटें फैल जाने से यातायात बाधित रहा। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे तक वाहन एक ही तरफ से निकलते रहे।
चालक ने घटना की जानकारी डंपर मालिक को दी। बाद में हाइड्रा मशीन मंगाकर डंपर को हटाया गया। ईंटों को दूसरे डंपर में लोड कर गंतव्य तक भेजा जाएगा। कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि सड़क खाली करा दी गई है। यातायात सामान्य हो गया है।