औरैया। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर भाग रहे दो बदमाशों अंशुल और कुंज किशोर को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
बदमाशों के पास से अवैध पिस्टल, तमंचा, कारतूस और एक बिना नंबर की बुलेट बाइक बरामद हुई है। मुठभेड़ के दौरान बाइक फिसलने से दोनों आरोपी घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सदर कोतवाली पुलिस शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एसओजी के साथ गांव तुर्कीपुर चित्तर सिंह सरकारी स्कूल के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान औरैया की ओर से एक बिना नंबर की बुलेट बाइक आती दिखाई दी। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने रफ्तार बढ़ा दी और दिबियापुर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने जब पीछा किया तो गांव चिचौली के पास बदमाशों ने खुद को घिरता देख सरकारी बुलेरो पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया।
इस दौरान गोली गाड़ी के बाएं शीशे के नीचे जाकर लगी। इसी बीच सड़क पर बने ब्रेकर के कारण बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे दोनों बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने घेराबंदी कर शहर के मोहल्ला बनारसीदास निवासी अंशुल उर्फ अंशु चौबे और शहर से सटे गांव खानपुर कटरा निवासी कुंज किशोर को दबोच लिया।
आरोपियों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर कखावतू कॉलोनी स्थित सिंह होटल में खाना खाने के दौरान हुए विवाद के बाद वहां फायरिंग की थी। इसके बाद दोनों भाग रहे थे, तभी रास्ते में पुलिस ने उन्हें घेर लिया। पकड़े गए अंशुल चौबे पर पहले से ही गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
आरोपी के पास से पुलिस ने अवैध पिस्टल, एक तमंचा और कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने घटना में प्रयोग की गई बिना नंबर प्लेट की बुलेट बाइक को भी कब्जे में लिया है। एक आरोपी के पास से आईफोन और दूसरे के पास स्मार्ट फोन मिले हैं। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उन्हें इटावा जेल भेज दिया गया।