नगर पंचायत अटसू के गांव मुहद्दीपुर में देर शाम आए आंधी तूफान से किसान के ऊपर छप्पर समेत ईंटों का खंभा गिर पड़ा, जिसमें दबकर किसान की मौत हो गई। किसान आंधी देख छप्पर के नीचे बंधी बकरी खोलने गया था। तभी हादसा हो गया।
मंगलवार देर शाम आई तेज आंधी ने पल भर में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। गांव मुहद्दीपुर निवासी मानसिंह (46) पुत्र चेतराम ने आंधी तेज होती देख छप्पर के नीचे बंधे जानवर को सुरक्षित स्थान पर बांधने के लिए उसे खोलने लगा। तभी तेज हवा से छप्पर ईंटों के खंभा समेत मान सिंह के ऊपर गिर पड़ा।
छप्पर गिरते ही परिजनों की चीख निकल पड़ी। लोगों ने छप्पर हटाकर मानसिंह को बाहर निकाला, तब तक मान सिंह की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंचे उप जिलाधिकारी राजेंद्र कुमार ने आहत परिजनों को आर्थिक मदद देने की बात कही है। एसडीएम ने तहसीलदार देवेंद्र, नायब तहसीलदार संध्या शर्मा को रिपोर्ट तैयार करने को कहा है।
डेढ़ बीघा जमीन थी सहारा...- अटसू। मान की मौत ने परिवार को तोड़ दिया है। पत्नी शंकुतला का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मां को रोता देख पुत्री कल्पना भी मां के आंचल से लिपट गई। पुत्री को कलेजे से लगा शकुंतला फूट-फूटकर रोती रही।