फोटो01एयूआरपी-18-कालोनी पहुंचे एसडीओ का घेराव कर जानकारी देते स्थानीय लोग। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। शहर में एसपी आवास स्थित कांशीराम कॉलोनी के ट्यूबवेल का खराब ट्रांसफार्मर न बदले जाने से पांच दिन से चार मोहल्लों की पेयजालपूर्ति बाधित है। इसके चलते पानी के लिए त्राहि-त्राहि मची है। शाम को कालोनी पहुंचे अधिकारियों को देख लोगों ने उनका घेराव कर आक्रोश जताया।
कांशीराम कॉलोनी स्थित नगर पालिका परिषद के ट्यूबवेल पर लगा ट्रांसफार्मर के पांच दिन से खराब होने से कांशीराम कॉलोनी, सत्तेश्वर, गायत्री नगर और तिलक नगर की पेयजलापूर्ति बाधित है।
पालिका प्रशासन की ओर से बिजली अधिकारियों को कई बार खराब ट्रांसफार्मर बदलने को कहा गया, लेकिन अधिकारियों अनदेखी की। इधर बुधवार की शाम एसडीओ महेंद्र प्रताप सिंह व जेई विवेक खरे कांशीराम कालोनी में बकाएदारों को नई स्कीम के तहत बिल जमा करने की जानकारी देने जा पहुंचे। अधिकारियों को देख आक्रोशित लोगों ने उन्हें घेर लिया।
जहां कालोनी के लोगों ने अधिकारियों से पानी न मिलने को लेकर खरी खोटी सुनाई। एसडीओ महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ट्यूबवेल पर पानी के लिए लगे ट्रांसफार्मर से कालोनी के बकाएदार कटिया डालकर बिजली चोरी कर रहे हैं। इसी के चलते ट्रांसफार्मर जल गया है। फिलहाल जल्द ही बदलवा दिया जाएगा।