औरैया। शहर और नगर पंचायतों में जलनिकासी के लिए नाला सफाई और निर्माण के लिए माथापच्ची हो रही है। वहीं, नेशनल हाईवे पर नालों को लेकर लापरवाही बरती जा रही है।
यहां सर्विस रोड किनारे बने नाले या तो टूटे पड़े हैं या फिर सफाई के अभाव में कूड़ा भरा हुआ है। ऐसे में एक बार फिर हाईवे से सटे मोहल्लों की करीब पांच हजार की आबादी जलभराव से जूझेगी।
शहर में मंडी समिति से लेकर इंडियन ऑयल तक सर्विस रोड है। इनके दोनों छोर पर बारिश के दौरान जलनिकासी के लिए नालों का निर्माण कराया गया था। इन नालों को ढकने के लिए सीमेंट की पटिया डाली गईं थीं, ताकि गंदगी दिखाई दे।
स्थानीय लोगों की मानें तो साल में कभी कभार इसकी सफाई की औपचारिकता निभाई जाती है। इससे नाले बदहाल हो रहे हैं। दयालपुर चौराहे के पास तो कई मीटर तक नाला टूटा पड़ा है और उसमें गंदगी भरी है।
बारिश में हो सकता है जलभराव
नालों की बदहाली और कूड़ा भरे होने से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या खड़ी हो सकती है। इसको लेकर आसपास के मोहल्ले के लोग भी चिंतित हैं। मनोज मिश्रा, अखिलेश त्रिवेदी, अनुराग आदि ने बताया कि ज्यादा बारिश होने से हाईवे का पानी नाला ठीक न होने से ओवरफ्लो हो जाता है। इससे निकट बनीं सड़कों पर पानी भर जाता है।
दो दिन में होगी मरम्मत और सफाई
नेशनल हाईवे के सीपीएम (मेंटीनेंस) यूसी मिश्रा ने बताया कि नाला टूटने की जानकारी नहीं थी। इसे दो दिन के भीतर ठीक करा दिया जाएगा। उनका क्षेत्र करीब 160 किमी. का है। इससे कई बातों की जानकारी नहींं मिल पाती है। स्थानीय लोग भी गाड़ी निकालते समय नालों पर रखीं पटिया तोड़ डालते हैं। बताया कि नालों की सफाई भी बारिश से पहले करा दी जाएगी।