औरैया। क्षेत्र में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
मंगलवार को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार एवं सफाई निरीक्षक आशीष पांडेय टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सत्ती तालाब के पास चोक पड़ा नाला साफ कराया।
निरीक्षण में नाले में गंदगी, सिल्ट और घास जमी हुई थी, इसके कारण पानी का बहाव रुका हुआ था। ईओ ने सफाई कर्मियों से नाले की सफाई कराई। उन्होंने बताया कि सत्ती तालाब का सुंदरीकरण कार्य चल रहा है, साथ ही वहां पर दुकानों का निर्माण भी किया जा रहा है। निर्माण के चलते नाले में गंदगी व मलबा जमा हो गया था इससे पानी की निकासी बाधित हो रही थी।
अब नाले को साफ कराकर पानी की निकासी को सुचारू कर दिया गया है। सफाई निरीक्षक आशीष पांडेय ने बताया कि बुधवार को भी इसी नाले पर सफाई कराई जाएगी। नाले में कुछ स्थानों पर अभी भी घास जमी हुई है इसे साफ कराया जाएगा।
नाला निर्माण अधूरा होने से विद्यालय में जलभराव
अजीतमल। नगर पंचायत क्षेत्र स्थित एक विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने डीएम को शिकायती पत्र देकर अधूरे पड़े नाला निर्माण को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि नाला निर्माण अधूरा होने से विद्यालय परिसर में गंदा पानी भर रहा है और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
प्रधानाध्यापक कृष्ण मोहन उपाध्याय ने बताया कि विद्यालय मुख्य मार्ग के किनारे स्थित है। यहां लंबे समय से गंदे पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं थी। नगर पंचायत द्वारा वर्ष 2025 में नाला निर्माण का कार्य शुरू कराया गया लेकिन विद्यालय की बाउंड्रीवॉल के पास कुछ हिस्सा बनाकर कार्य अधूरा छोड़ दिया गया।
बताया कि 15 माह बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। इससे विद्यालय परिसर में जलभराव की समस्या बनी हुई है। बाउंड्रीवॉल का कुछ हिस्सा भी क्षतिग्रस्त होने लगा है। इस संबंध में नगर पंचायत के जेई हरिनाम यादव ने बताया बरसात के चलते कार्य रुक गया है, शीघ्र ही नाला निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाएगा।(संवाद)