दिबियापुर। मंगलवार को फफूंद रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री घंटों परेशान रहे।
कानपुर जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस लगभग दो घंटे व महानंदा एक्सप्रेस सवा घंटे देर से पहुंची। ट्रेनों की लेटलतीफी के चलते उमस भरी गर्मी में यात्रियों का इंतजार परेशानी भरा रहा।
वहीं, फफूंद से कानपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन भी 23 मिनट देर से रवाना हुईं। यात्रियों ने बताया कि सुबह इटावा जाने वाली पैसेंजर आधा घंटा देर से पहुंची। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। उधर, मंगलवार को दिबियापुर में साप्ताहिक बाजार बंदी के कारण अधिकांश व्यापारी कानपुर और आगरा व्यापार के लिए निकलते हैं।
ट्रेनों की देरी से उन्हें प्रतीक्षालय और प्लेटफार्म पर घंटों इंतजार करना पड़ा। प्लेटफार्म से लेकर यात्री प्रतीक्षालय में पूरे दिन भीड़भाड़ नजर आई। सबसे ज्यादा छोटे बच्चों को लेकर परेशानी रही। (संवाद)
-
फफूंद स्टेशन पर चेकिंग में जुर्माना वसूला
दिबियापुर। मंगलवार को फफूंद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और मुख्य टिकट निरीक्षक की टीम ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ट्रेनों और प्लेटफार्म पर बिना टिकट व अनाधिकृत कोच में यात्रा करने वालों पर कार्रवाई की गई।
आगरा-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस के दिव्यांग कोच में सफर कर रहे तीन यात्रियों दो हजार के हिसाब से 6000 रुपये जुर्माना वसूला गया।शिकोहाबाद-कानपुर सेंट्रल पैसेंजर ट्रेन में बिना टिकट यात्रा पर एक यात्री व प्लेटफार्म पर बिना टिकट घूम रहे एक अन्य यात्री से 500- 500 रुपये जुर्माना वसूला गया। अभियान में आरपीएफ के एएसआई सुखसागर और उप मुख्य टिकट निरीक्षक राजकुमार शामिल रहे। (संवाद)
-
चेन पुलिंग के चलते रुकी बरौनी क्लोन स्पेशल एक्सप्रेस
अछल्दा। सोमवार रात लगभग 11:10 बजे नई दिल्ली से बरौनी जा रही 02564 बरौनी क्लोन स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन में अज्ञात व्यक्ति ने चेन पुलिंग कर दी। इससे लोको पायलट ने अछल्दा व पाता स्टेशन के बीच ट्रेन को खड़ा कर दिया। करीब पांच मिनट बाद लोको पायलट ने हॉस पाइप जोड़कर ट्रेन को11:15 बजे रवाना किया।(संवाद)