औरैया। विवाहिता ने दहेज में फ्रिज व दो लाख रुपये की मांग पूरी न किए जाने पर पति व ससुराल वालों द्वारा पीटकर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत पांच ससुराल वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव आनेपुर खरका निवासी नीलम पुत्री राजकुमार ने रिपोर्ट लिखाई कि उसकी शादी 30 मई 2021 को खरका निवासी अजय सिंह से हुई थी। शादी में उसके माता-पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज भी दिया था। आरोप लगाया कि शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल वालों ने अतिरिक्त दहेज के रूप में फ्रिज व दो लाख रुपये की मांग शुरू कर दी।
मांग पूरी न होने पर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर मायके में जानकारी दी। पिता ने असमर्थता जताई तो 17 जून की शाम पति व ससुरालीजनों ने जमकर मारपीट की और घर से निकाल दिया। मारपीट में उसे काफी चोटें भी आईं थीं। पड़ोसी की मदद से मायके में फोन किया, तबसे वह मायके में ही रह रही है। पीड़िता ने पति पर परिवार की एक महिला से संबंध होने का भी आरोप लगाया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी पति अजय सिंह, सास उर्मिला, जेठानी अनीता, जेठ उमाशंकर व ननदोई जगमोहन निवासी ज्ञानपुरा, भरथना जिला इटावा के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।