औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क पर खेल रहे तीन वर्षीय मासूम को कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शहर में जालौन रोड पर मौरंग मंडी के पास शनिवार देर रात लगभग साढ़े नौ बजे यमुना नदी की तरफ तेज गति से जा रहे ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खेल रहे राजू (3) पुत्र रवि को कुचल दिया। घटना के वक्त मासूम की मां खाना बना रही थी। मासूम को कुचलने के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भाग गया।
जहां घटना स्थल से थोड़ी दूर आगे जाकर सड़क किनारे ट्रैक्टर खड़ाकर फरार हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों की जानकारी के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए ट्रैक्टर को बरामद कर कोतवाली पहुंचाया।
देर रात मां रीता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।