औरैया। होली पर स्वास्थ्य सेवाओं की त्वरित उपलब्धता के लिहाज से जिले के सरकारी अस्पताल 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहेंगे। इमरजेंसी में ईएनटी, फिजिशियन एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ की रोस्टरवार ड्यूटी रहेगी। डॉक्टर-स्टाफ की छुट्टियों पर रोक लगाते हुए त्योहार पर स्टेशन न छोड़ने की हिदायत दी गई है।
डीएम नेहा प्रकाश ने निर्देश दिए हैं कि होली पर सरकारी अस्पतालों में आपातकालीन सेवाएं राउंड दा क्लॉक अलर्ट रहें। इसके लिए कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर स्टेशन न छोड़ने की हिदायत दी गई है। वहीं जिला चिकित्सालय में खासतौर से चिकित्सकों व स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि होली के दौरान होने वाली स्वास्थ्य परेशानियों के मद्देनजर जो भी संबंधित एंटी एलर्जिक क्रीम, ऑइंटमेंट व दवाई है उसके पर्याप्त मात्रा में स्टाॅक रखने का निर्देश है। इसके अलावा शराब से संबंधित स्वास्थ्य समस्या के उपचार के लिए व्यवस्था के निर्देश हैं। ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले चिकित्सा कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय स्तर से कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।