अजीतमल (औरैया)। ग्राम सेऊपुर में डेंगू फैलने की आशंका पर स्वास्थ विभाग की टीम सेऊपुर गांव पहुंची। टीम ने मरीजों के खून के नमूने जांच के लिए लिए। बीमार लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
मंगलवार को क्षेत्र के ग्राम सेऊपुर में तैनात एएनएम और आशा ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. विमल को सूचना दी कि गांव में बुखार के मरीजों की संख्या बहुत ज्यादा हो गई है। लोग डेंगू बुखार फैलने की आशंका जता रहे हैं। इस कारण डॉ. विमल ने सीएमओ को जानकारी दी। जिले में तैनात डॉ. वेद प्रकाश, डॉ. ज्ञान प्रकाश, डॉ. कृष्ण कुमार के नेतृत्व में टीम गांव सेऊपुर पहुंची। सीएचसी से डॉ. सोमदत्त के साथ विवेक मिश्रा, अनिल गौतम, प्रवीण, राजकुमार, एएनएम की एक टीम गांव पहुंची।
दोनों टीमों ने गांव में कैंप लगाकर बुखार से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर दवा बांटंी। सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि बुखार के मरीजों का इलाज कराया गया है। गांव में कुल 187 मरीजों का परीक्षण किया गया। 81 मरीजों के खून का नमूना लिया गया। एक दिन बाद इसकी रिपोर्ट आएगी।