डीएम ने मंगलवार को बिधूना विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। यहां खामियां मिलने पर एक अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि व दो अधिकारियों को कठोर चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि निरीक्षण में अब खामी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम को प्राथमिक विद्यालय रठगांव में शौचालय में गंदगी मिली। प्राथमिक विद्यालय बढ़िन में रेलिंग टूटी थी। बीईओ इस बाबत कोई जवाब नहीं दे पाए। मतदेय स्थल पर ग्राम प्रधान का प्रचार देख डीएम ने नाराजगी जताई। प्राइमरी स्कूल नगरिया, फमरैन, उमरैन के बूथों का भी निरीक्षण किया गया। यहां सफाई के इंतजाम न होने पर डीएम का पारा चढ़ गया। बूथों पर गंदगी मिलने पर डीएम ने बीईओ एरवाकटरा असित कुमार यादव को कठोर चेतावनी दी। इन्हें बूथों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि बूथों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त न मिलने पर कार्रवाई होगी। बिधूना ऐरवाकटरा मार्ग पर जगह-जगह प्रचार देखकर ऐरवाकटरा के सहायक विकास अधिकारी पंचायत बलवान सिंह को प्रतिकूल प्रविष्टि देते हुए दो दिन में प्रचार साफ कराने के निर्देश दिए। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी व जिला पंचायत राज अधिकारी को पर्यवेक्षण में रुचि न लेने पर चेतावनी दी गई।