विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को जिला मुख्यालय पर नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन एक भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल नही किया। हालांकि तीनों विधानसभा के लिए 19 नामांकन पत्र बिके। इसमें औरैया और दिबियापुर से सात-सात और बिधूना के लिए पांच नामांकन पत्र बिक्री हुए।
सोमवार शाम से ही मुख्यालय पर बेरीकेडिंग लगा दी गई थी। मंगलवार सुबह दस बजे डीएम के बाला जी, एसपी रामकिशोर व एडीएम रामसेवक द्विवेदी ने निरीक्षण कर निर्देश दिए। मुख्यालय जाने वालों की चेकिंग की गई। व्यय प्रेक्षक सिद्धार्थ ने भी निरीक्षण किया। हालांकि पहले दिन एक भी प्रत्याशी नामांकन दाखिल करने नही पहुंचा। शाम तक तीनों विधानसभा से 19 नामांकन पत्र बिके।
इसमें औरैया से बसपा के भीमराव अंबेडकर, सपा के मदन गौतम, भाजपा के रमेश दिवाकर, वोटर पार्टी से परमन सिंह, निर्दलीय नेता सिंह उर्फ बलवीर सिंह, लक्ष्मी देवी व महेंद्र ने नामांकन पत्र खरीदे। दिबियापुर विधानसभा से बसपा के रामकुमार अवस्थी, सपा से प्रदीप यादव, भाजपा से लाखन सिंह राजपूत, निर्दलीय लक्ष्मी देवी, अजय कुमार, संध्या अवस्थी जमुहां, अतर सिंह ने नामांकन पत्र खरीदे। बिधूना से जन अधिकार मंच के संजीव शाक्य, सपा के दिनेश वर्मा, निर्दलीय गौरव सिंह, विष्णु प्रताप व कमलेश कुमार ने नामांकन पत्र खरीदे।
प्रत्याशी समेत पांच लोग जा सकेंगे
एडीएम रामसेवक द्विवेदी ने बताया कि नामांकन दाखिल करने के लिए मुख्यालय के अंदर प्रत्याशी व उनके चार समर्थक ही अंदर जा सकेंगे और किसी को भी अंदर नही जाने दिया जाएगा।
आप व शिवसेना के प्रत्याशी ने लिए नामांकन पत्र
दिबियापुर विधानसभा से आप व शिवसेना का समर्थन करने वाले प्रत्याशियों ने भी पर्चे लिए हैं। इसमें अजय कुमार शुक्ला ने आम आदमी पार्टी से टिकट का दावा करके पर्चा लिया तो रानी देवी ने शिवसेना से टिकट का दावा कर पर्चा खरीदा।