फोटो-13 एयूआरपी 19 डीएम से साइकिल की मांग करते स्कूली बच्चे। संवाद
ककोर (औरैया)। विद्यालय विलय के बाद गांव से कई किमी. पैदल चलकर स्कूल जाने वाले बच्चे बुधवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां पर डीएम से मुलाकात कर बच्चों ने साइकिल की मांग की।
बताया कि डीएम अंकल उन्हें चार किमी. पैदल चलना पड़ता है। अगर साइकिल मिल जाए तो उनकी पढ़ाई में आसानी होगी। ककोर उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्रों को नौली उच्च प्राथमिक विद्यालय में विलय कर दिया गया था।
इस विद्यालय की ककोर से दूरी लगभग चार किलोमीटर है। इससे बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते हैं और पैदल चलने से थकान भी हो जाती है। इससे निजात पाने के लिए स्कूल के बच्चे बुधवार को डीएम से मिलने पहुंचे।
वहां कक्षा छह की छात्रा पूजा ने डीएम को बताया कि वह सुबह जल्दी उठकर पैदल स्कूल जाती है। लौटते-लौटते बहुत थक जाते हैं। कक्षा आठ के छात्र अभिषेक ने बताया कि अगर साइकिल मिल जाए तो समय पर स्कूल पहुंचकर ज्यादा पढ़ाई कर पाएंगे।
डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बच्चों को मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा में किसी तरह की बाधा नहीं आने दी जाएगी। शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजकर साइकिल उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। डीएम ने बच्चों की मांग पर ककोर का स्कूल फिर से खोलने के लिए बीएसए को आदेश जारी किया।