औरैया। जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे का व्हाट्सएप अकाउंट सोमवार को मीटिंग के दौरान हैक हो गया। करीब चार घंटे तक हैकर ने अकाउंट अपने कब्जे में रखा और इस दौरान विधायक, मंत्री, जिला पंचायत सदस्यों समेत एक हजार से अधिक लोगों को मैसेज भेजकर रुपयों की मांग की गई। शाम करीब छह बजे अकाउंट दोबारा सुरक्षित होने के बाद मामले की जानकारी हुई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे क्षेत्रीय पदाधिकारियों के स्वागत के बाद मीटिंग चल रही थी। इसी दौरान उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया। मीटिंग में व्यस्त होने के कारण उन्हें तत्काल इसकी जानकारी नहीं हो सकी। शाम करीब छह बजे तक अकाउंट हैकर के नियंत्रण में रहा।
इस दौरान हैकर ने अध्यक्ष के व्हाट्सएप से जुड़े संपर्कों पर लगातार मैसेज भेजे। इनमें विधायक, मंत्री, जिला पंचायत सदस्य और अन्य पदाधिकारी भी शामिल हैं। मैसेज के जरिये लोगों से रुपये भेजने की मांग की गई। अध्यक्ष का कहना है कि एक हजार से अधिक लोगों के पास इस तरह के मैसेज पहुंचे हैं। मामले की जानकारी होने पर अध्यक्ष के सहयोगी अवधेश कुमार ने साइबर क्राइम थाने में अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी निरीक्षक राजीव यादव को सौंपी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अकाउंट किसने हैक किया और किन-किन लोगों को मैसेज भेजे गए।
किसी से 55 तो किसी से 36 हजार की मांग
व्हाट्सएप हैक होने की जानकारी मिलने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से लोगों को सतर्क किया। इसके बाद उनके फेसबुक पोस्ट पर लगातार लोगों के कमेंट आने लगे। लोगों ने बताया कि उनके पास हैकर की ओर से रुपये मांगने के मैसेज भेजे गए हैं। किसी ने बताया कि उससे 36 हजार रुपये मांगे गए, तो किसी ने 55 हजार रुपये की जरूरत बताकर रकम मांगने की जानकारी दी।
फिलहाल प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कराई जा रही है। खुलासे के लिए सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है। आईपी एड्रेस के माध्यम से हैकर के बारे में पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
- अभिषेक भारती, एसपी