अयाना (औरैया)। क्षेत्र की ग्राम पंचायत नवादा ज्वाला प्रसाद में समिति गठन के दौरान बंटवारे को लेकर प्रधान पक्ष और सदस्यों में विवाद हो गया। इसी दौरान गांव के एक युवक के वीडियो बनाने पर दो पक्ष भिड़ गए और मारपीट होने लगी। इसमें एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़ा। समिति का गठन नहीं हो सका।
बुधवार को ग्राम पंचायत नवादा ज्वाला प्रसाद के प्राथमिक विद्यालय में समिति गठन की प्रक्रिया शुरू हुई। पंचायत सचिव धन पटेल प्रधान के साथ 12 सदस्य मौजूद थे। सचिव ने तीन समितियां प्रधान के पास होने व तीन समितियों के सदस्यों में बंटवारे की बात कही। इसी बात को लेकर सदस्यों ने विरोध किया और प्रधान के पास वाली समितियां आवंटन करने की बात कही। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। तभी वहां मौजूद गांव का ब्रजेश वीडियो बनाने लगा।
सदस्य के पति कल्लू ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते सदस्य दो गुटों में बंट गए और मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में सदस्य विनीता के पति दशरथ घायल हो गए। मारपीट और बवाल की सूचना पंचायत सचिव ने यूपी 112 को दी। थाना प्रभारी ने बताया कि रामशरण, छोटेलाल, बृजेश कुमार, मोनू का शांतिभंग में चालान किया गया है। पंचायत सचिव ने बताया कि समिति का गठन नहीं हो सका है।