औरैया।
जिले में तीन दिनों से हो रही बारिश से बीमारियों ने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। जिसके चलते अस्पतालों की ओपीडी में वायरल बुखार के रोगियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। वहीं एडीज मच्छरों के प्रकोप से डेंगू लगातार लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। सोमवार को आई एलाइजा रिपोर्ट में तीन नए डेंगू संक्रमित मिले। स्वास्थ्य टीमों ने तीनों रोगियों के गांवों में जाकर लार्वा नष्ट करने के साथ एंटी लार्वा का छिड़काव करवाया है।
सोमवार को 100 शैया युक्त जिला अस्पताल की ओपीडी में आठ सौ से अधिक मरीज पहुंचे। जिसमें दो सौ से अधिक मरीज वायरल बुखार के रहे। सोमवार को आई एलाइजा रिपोर्ट में दिबियापुर के आजाद नगर, सदर ब्लॉक के सुरान व अजीतमल ब्लॉक के अजुआपुर में एक-एक डेंगू संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इससे जिले में डेंगू संक्रमितों का आंकड़ा 26 पर पहुंच चुका है। जिसमें 20 मरीज स्वस्थ्य हो चुके हैं, वहीं सक्रिय छह मरीजों का बाहर के अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
डेंगू संक्रमित मिलने की जानकारी पर पहुंची एपीडेमियोलॉजी टीम को आजाद नगर दिबियापुर के 35 घरों में से दो घरों में एडीज मच्छर का लार्वा मिला। साथ ही दो बुखार के रोगी व 10 अन्य रोगी मिले। सदर ब्लॉक के सुरान में 156 घरों में से 13 घरों में लार्वा मिला व चार बुखार रोगी समेत 14 अन्य बीमारियों के मरीज मिले। वहीं अजुआपुर में दो बुखार रोगी समेत 12 लोग बीमार मिले व 25 घरों में से तीन में लार्वा मिला। डिप्टी सीएमओ डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि लार्वा को नष्ट करवा कर तीनों स्थानों पर एंटी लार्वा का छिड़काव करवाया गया है।
एपीडेमियोलॉजी टीम व सीएचसी की टीम क्षेत्रों में पहुंच कर लार्वा खोज रहीं हैं। यदि किसी गांव में लोग बीमार पड़ रहे हैं तो वह बिना देर किए इसकी जानकारी स्वास्थ्य अधिकारियों को दें।
बुखार आने पर स्वयं इलाज करना पड़ सकता है भारी
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविंद कुशवाहा ने बताया कि बदलते मौसम में वायरल का प्रकोप अधिक रहता है। वर्तमान की स्थिति के अनुसार यदि किसी भी व्यक्ति को दो दिन से अधिक समय तक बुखार आ रहा है तो वह बिना डॉक्टरों से परामर्श लिए स्वयं उपचार करने का प्रयास न करें। ऐसा करना उन्हें मुसीबत में डाल सकता है। यदि डेंगू की समय पर पहचान कर उपचार नहीं किया गया तो यह मरीज के लिए घातक साबित हो जाता है। इसलिए बुखार आने पर स्वयं उपचार करने की जगह डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें।