औरैया।
शासन स्तर से विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन, कार्य, दायित्व व सामुदायिक सहभागिता आधारित कोर्स दीक्षा पोर्टल पर जल्द से जल्द पूरे किए जाने के संबंधितों काे निर्देश जारी किए गए हैं। जिले की स्थिति के बारे में चिंता भी जताई गई है। दीक्षा पोर्टल पर उपलब्ध कोर्स का लिंक व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिन्हें पूरा करने के लिए 31 अक्तूबर तक की समय सीमा निर्धारित कर दी गई है।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद की ओर से चार माह पूर्व एसआरजी, एआरपी, प्रधानाध्यापक व एसएमसी सदस्यों को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। इस मामले को लेकर जिम्मेदार कर्मचारियों की शिथिलता पाई गई है। जिम्मेदारी के तहत 4880 कर्मचारियों में सिर्फ 55 ने ही कोर्स पूरे किए हैं। वहीं कुल 4858 कोर्स में सिर्फ 22 कोर्स पूरे किए जा सके हैं।
जिले में इस कार्य को लेकर होने वाले कुल काम के सापेक्ष महज 0.45 प्रतिशत ही हो सका है। जिसे देखते हुए शासन ने दोबारा से पत्र जारी करते हुए चिंता जताई है। मामले को लेकर बीएसए ने सख्त रुख अपनाए जाने की चेतावनी दी है।
जिले दीक्षा पोर्टल पर कोर्स पूरे कराए जाने को लेकर खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। समय से कार्य पूरा करा लिया जाए इसे लेकर चेताया भी गया है।
- अनिल कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी