औरैया। दिलीप हत्याकांड मामले की सुनवाई मंगलवार को फिर टल गई। लगातार तीसरी बार शोकावकाश होने से सुनवाई नहीं हो सकी। इस हत्याकांड में पत्नी, उसके प्रेमी समेत छह लोग जेल में बंद हैं। इन आरोपियों पर गैंगस्टर की भी कार्रवाई हो चुकी है।
जनपद मैनपुरी के थाना भोगांव के गांव नगला दीपा निवासी दिलीप यादव (25) दिबियापुर कस्बा में रहकर हाइड्रा चलवाता था। शादी के 15 दिन बाद 19 मार्च 2025 को पत्नी प्रगति ने प्रेमी अनुराग के जरिये सुपारी किलर से पति की हत्या करा दी थी। पुलिस ने मामले में सुपारी किलर रामजी नागर, प्रेमी अनुराग, उसके मौसेरे भाई चमरौआ निवासी दुर्लभ यादव उर्फ पिंटू और शिवम को पकड़कर जेल भेजा था। चमरौआ प्रधान रामू यादव ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। 18 जून को थाना पुलिस ने मामले में आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किया था। इसके बाद 30 अगस्त को डीएम की अनुमति के बाद थाना पुलिस ने सभी आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। गैंगस्टर के मामले में अक्तूबर में आरोपी पत्नी प्रगति ने अपर न्यायाधीश एसटीसी प्रथम अतीक उद्दीन के कोर्ट में जमानत याचिका डाली थी। इसे सुनवाई के बाद खारिज कर दिया गया था। मंगलवार को हत्याकांड की सुनवाई होनी थी। अवकाश के चलते सुनवाई टल गई। अब मामले की सुनवाई पांच दिसंबर को होगी। पहले ही दो बार यह सुनवाई टल चुकी है।