औरैया। विधायक निधि के अंतिम पंचवर्षीय सत्र 2026-27 के लिए शासन ने मई माह में ढाई करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की थी। इस किस्त के सापेक्ष सामने आए प्रस्तावों में दिबियापुर विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे है। वहीं, बिधूना विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के प्रस्तावों में कमी देखी गई है।
दिबियापुर विधानसभा से सपा के प्रदीप यादव विधायक हैं। उन्होंने ढाई करोड़ रुपये के कुल 14 प्रस्ताव दिए हैं। इनमें बिरूहूनी, लहोखर, जमुहां, सेहुद, प्रतापपुर और उसरारी की जर्जर सड़कों का नवीनीकरण शामिल है। इसके अतिरिक्त, 34 हाईमास्ट लाइट और 315 सोलर लाइटें भी प्रस्तावित हैं। दो गंभीर मरीजों के उपचार पर करीब दो लाख रुपये की निधि खर्च की गई है। सदर विधानसभा दूसरे स्थान पर है, जहां से भाजपा की गुड़िया कठेरिया विधायक हैं। यहां 2.45 करोड़ रुपये के आठ प्रस्ताव पास हुए हैं। इनमें फफूंद के खोयला में सड़क नवीनीकरण, 50 हाईमास्ट और 382 सोलर लाइटें शामिल हैं।
बिधूना विधानसभा की स्थिति
बिधूना विधानसभा से सपा की रेखा वर्मा विधायक हैं। यहां अभी तक आठ प्रस्ताव ही पास हो गए हैं। इन प्रस्तावों में 14 हाईमास्ट लाइटें शामिल हैं। सात अन्य प्रस्ताव पास होने बाकी हैं। इन लंबित प्रस्तावों का कुल अनुमानित व्यय 1.5 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है। मई माह में आई पहली किस्त के प्रस्तावों में बिधूना विधानसभा पीछे नजर आ रही है।
सितंबर में आएगी अंतिम किस्त
विभागीय सूत्रों के अनुसार, विधायक निधि की अंतिम किस्त सितंबर माह में जारी होगी। इस किस्त के जारी होने के बाद ही विकास कार्यों के प्रस्ताव सामने आएंगे। इसके साथ ही अगले विधानसभा चुनाव को लेकर भी बिगुल फूंका जाएगा।
विधायक निधि को लेकर वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली किस्त मई में जारी हुई थी। जैसे-जैसे विधायकों के प्रस्ताव आ रहे हैं। उनके एस्टीमेट बनवाते हुए पास कराया जा रहा है।
-रामकृपाल चौधरी, सीडीओ