श्रावण मास के अंतिम सोमवार को दिबियापुर स्थित शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिरों में पुष्प, बेलपत्र, धतूरा आदि चढ़ाकर श्रद्धालुजन मनौती पूरी होने की कामना करते दिखे। कई मंदिरों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से भगवान भोले शंकर आरती एवं भजन बजते दिखे।
सेंट्रल बैंक के पीछे स्थित कैलाश धाम में भक्तों का सुबह से ही तांता लगा रहा। सोमवार को तड़के से ही श्रद्धालुजन पहुंचने लगे थे। मंदिर के कर्ताधर्ता आरके बाजपेई के अनुसार यहां पर श्रावण मास के सभी सोमवारों को खासी भीड़ रहती है। नहर बाजार स्थित प्राचीन पंचमुखी शिव मंदिर पर भी भीड़ उमड़ती दिखी।
मान्यता है कि मंदिर में आस्था पूर्वक पूजा अर्चना करने से मन मांगी मुरादें पूरी होती हैं। पंचमुखी भगवान शिव की पिंडी के दर्शन करने को श्रद्धालु उमड़ते हैं। औरैया रोड स्थित शिव मंदिर पर श्रद्धालुओं ने खासी सजावट कराई थी, जबकि नगर पंचायत ने नगर क्षेत्र के मंदिरों के बाहर साफ सफाई करा कलई आदि डलवाई।