जिलेभर में आयोजित हो रहे गणेश महोत्सवों का समापन गुरुवार को हुआ। इस मौके पर जगह-जगह विसर्जन यात्रा निकाली गई। जिसमेें भक्तगण डीजे व नगाड़ों की धुनों पर गुलाब-अबीर उड़ाते हुए झूमते नजर आए।
जिलेभर में इस बार गणेश महोत्सव की धूम रही। भगवान गणेश गुरुवार को अपने भक्तों से विदा हुए। महोत्सवों के समापन अवसर पर भक्तगणों ने गणेश विसर्जन यात्रा निकाली। जो कार्यक्रम स्थलों से नहरों तक धूमधड़ाके के साथ निकली। इस बार महिलाएं भी अधिक संख्या में गुलाल-अबीर उड़ाते हुए देवीगीतों पर झूमते हुए विसर्जन यात्रा में दिखाई दी।
शहर के किनारे दिबियापुर रोड, फफूंद रोड, इटावा रोड पर स्थित नहरों में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। शहर में कानपुर रोड पर बर्फ फैक्ट्री के बगल में मोहल्ला ब्रह्मनगर में आयोजित गणेश महोत्सव का समापन हुआ। तो वहीं आवास विकास कालोनी में आयोजित हो रहे गणेश महोत्सव का भी समापन हुआ। इसके अलावा भक्तगणों ने घरों में स्थापित की गई गणेश प्रतिमाओं का भी बैंडबाजों के साथ नहरों में विसर्जन किया। शहर के दिबियापुर रोड, इटावा रोड, लेडीज मार्केट आदि प्रमुख मार्गों पर विसर्जन यात्रा का जोश देखने को मिला। इस मौके पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया।