औरैया। जिले के देवकली स्थित राही टूरिस्ट बंगला को अब निजी क्षेत्र को संचालित करने के लिए सौंपा जाएगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन निदेशालय लखनऊ से जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश के 11 पर्यटक आवास गृहों को सार्वजनिक-निजी सहभागिता मॉडल पर विकसित और संचालित किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इनमें औरैया का देवकली पर्यटक बंगला भी शामिल है।
पर्यटन विभाग के जारी पत्र में कहा गया है कि पहले निर्धारित निविदा की तिथि को बढ़ाकर अब 26 नवंबर 2025 कर दिया गया है। विभाग ने संबंधित क्षेत्रीय और उपक्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इस प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि अधिक से अधिक निजी निवेशक इसमें भाग ले सकें। आदेश में यह भी कहा गया है कि अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में होटलों, पर्यटन उद्यमियों और निवेशकों से संपर्क स्थापित करें तथा विभाग की वेबसाइट समेत सोशल मीडिया पर निविदा की सूचना साझा करें।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, निजी निवेश से टूरिस्ट बंगले का विकास होने पर पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्रीय पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी।औरैया के देवकली स्थित यह टूरिस्ट बंगला लंबे समय से बंद या सीमित उपयोग में था। इसके पुनर्विकास से अब इसे आधुनिक रूप देने की योजना है।