औरैया। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की जिला इकाई ने सभी तहसीलों में प्रभारी व पटल सहायक के रूप में काम कर रहे लेखपालों को उनके मूल क्षेत्रों में भेजने की मांग की है। जिलाध्यक्ष पतंजलि दुबे व जिला मंत्री विमलेश मोहन ने डीएम व एडीएम को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।
संघ पदाधिकारियों ने पत्र में कहा कि पटल सहायक के रूप में कार्य कर रहे लेखपालों को उनके मूल क्षेत्रों में तैनात किए जाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद जिले की विभिन्न तहसीलों में कई लेखपाल प्रभारी अथवा पटल सहायक के रूप में कार्य कर रहे हैं। संघ ने इसे नियमों के विपरीत बताते हुए संबंधित लेखपालों को उनके वर्तमान पटल से कार्यमुक्त कर मूल क्षेत्रों में तैनाती की मांग की है। पत्र में यह भी कहा गया है कि प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्देश पर 22 सितंबर से लेखपाल अतिरिक्त क्षेत्रों का बहिष्कार कर रहे हैं। संघ ने प्रशासन को अवगत कराया कि प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्देशानुसार तीन अक्तूबर से जिले के समस्त लेखपाल क्रमिक आंदोलन में शामिल होंगे। लेखपाल संघ ने जिला प्रशासन से पारित आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने और प्रभारी व पटल सहायक के रूप में कार्यरत लेखपालों को उनके मूल क्षेत्रों में भेजने की मांग की।