फोटो-26- ज्ञापन देते शिक्षक संघ के पदाधिकारी। स्रोत:शिक्षक
- फोटो : सांकेतिक
अजीतमल। टेट (शिक्षक पात्रता परीक्षा) की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने इटावा सांसद को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन प्रधानमंत्री व केंद्रीय शिक्षा मंत्री के नाम संबोधित करते हुए दिया गया। इसमें शिक्षकों की समस्याओं और मांगों को प्रमुखता रही।
ज्ञापन में कहा गया कि टेट अनिवार्यता के कारण कई अनुभवी व योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रक्रिया में अनावश्यक बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षकों का मानना है कि शिक्षा की गुणवत्ता केवल परीक्षा आधारित नहीं होनी चाहिए बल्कि शिक्षण अनुभव, कार्यकुशलता व व्यावहारिक ज्ञान को भी समान महत्व मिलना चाहिए। टेट की अनिवार्यता को समाप्त कर भर्ती प्रक्रिया को सरल एवं व्यावहारिक बनाया जाए।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री अरविंद राजपूत ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में कई प्रतिभाशाली अभ्यर्थी केवल टेट के कारण चयन से वंचित रह जाते हैं, इससे शिक्षा व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने सरकार से इस विषय पर गंभीरता से विचार करने की मांग की। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष दीपक दुबे, आनंद दीक्षित सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।