कंचौसी। परिवहन निगम कानपुर मंडल के क्षेत्रीय प्रबंधक से स्थानीय लोगों ने रसूलाबाद-औरैया बाया लहरापुर-कंचौसी व कंचौसी कानपुर वाया झींझक-रूरा रोडवेज बस चलाए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ट्रेन के अलावा कोई समुचित साधन न होने की वजह से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सुबह 10 बजे के बाद कानपुर के लिए कंचौसी रेलवे स्टेशन से कोई ट्रेन नहीं है। सुबह नौ बजे के बाद इटावा के लिए शाम चार बजे से पहले कोई ट्रेन नहीं है। इससे लोगों को प्राइवेट वाहनों का सहारा लेना पड़ता है, जो मनमाना किराया वसूलते है। कस्बा वासियों का कहना है कि जिले के जनप्रतिनिधियों की पहल पर बीते तीन वर्ष पहले कंचौसी होकर रसूलाबाद, लहरापुर और औरैया जिला मुख्यालय के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू की गई। लेकिन, कुछ दिन बस चलने के बाद बंद हो गई। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। कंचौसी नगर से अभी तक कानपुर देहात व कानपुर सिटी के लिए कोई रोडवेज बस नहीं चलाई गई। इससे ट्रेन छूट जाने व इमरजेंसी में लोग सिर्फ निजी वाहनों से ही आवागमन करते है। औरैया, लहरापुर, झींझक, रूरा, अकबरपुर, माती, कानपुर नगर आदि के आवागमन में सिर्फ डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ता है। नंदू शर्मा, लारा गुप्ता, भोला मिश्रा, चतुर सिंह, सौरभ सिंह आदि लोगों ने बस सेवा शुरू कराए जाने की मांग की है। (संवाद)