लाइसेंस मानकों की अनदेखी कर सौ शैय्या अस्पताल को दी गई अल्ट्रासाउंड मशीन जिला अस्पताल को सौंपने के आदेश एसडीएम सदर ने दिए। सोमवार के अंक में लाइसेंस जिला अस्पताल के नाम, अल्ट्रासाउंड सौ शैय्या अस्पताल में, खबर छपने के बाद डीएम के निर्देश पर एसडीएम सौ शैय्या अस्पताल पहुंचे। एसडीएम ने जिला अस्पताल को तत्काल अल्ट्रासाउंड मशीन सौंपे जाने का आदेश दिया।
10 जनवरी 2016 को नवनिर्मित सौ शैय्या अस्पताल को शुरू कराने के लिए जिला अस्पताल के नाम से निर्गत लाइसेंस के बावजूद अल्ट्रासाउंड मशीन को स्थानांतरित कर दिया गया था। तब से जिला अस्पताल के लाइसेंस के नाम पर सौ शैय्या अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन संचालित कराई जा रही है। जबकि जिला अस्पताल प्रशासन की ओर से रोगियों की सहूलियत को ध्यान में रखकर लगातार अल्ट्रासाउंड मशीन की मांग की जा रही है।
वहीं जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन संचालित कराने को बनाकर अमर उजाला मुहिम चला रहा है। सोमवार को अमर उजाला में खबर छपने के बाद सौ शैय्या अस्पताल पहुंचे एसडीएम सदर जितेंद्र श्रीवास्तव ने हालातों का जायजा लिया। अस्पताल में मौजूद दो मशीनों में से एक अल्ट्रासाउंड मशीन जिला अस्पताल को सौंपे जाने का आदेश दिया।
सौ शैय्या अस्पताल के सीएसएम को अल्ट्रासाउंड मशीन जल्द से जल्द जिला अस्पताल को सौंपे जाने को कहा गया है।
जितेंद्र श्रीवास्तव, एसडीएम सदर