औरैया। डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जनपद में चल रहे विकास कार्यों की भौतिक प्रगति का सोमवार को स्थलीय निरीक्षण करते हुए जायजा लिया।
डीएम ने यमुना नदी पर निर्माणाधीन सेतु का निरीक्षण कर गुणवत्ता व मानक की जांच एचबीटीआई संस्थान से कराए जाने के निर्देश दिए। साथ ही काम में विलंब पर कार्यदायी संस्था पर जुर्माना लगाए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मंगला काली मंदिर के पास नगर पालिका द्वारा विकसित किए जा रहे वेस्ट वंडर पार्क (खिलमिल पार्क) में कराए जा रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि पार्क में पार्किंग, शौचालय तथा टिकट की व्यवस्था के साथ-साथ आगंतुकों को खान-पान की सुविधा देने के उद्देश्य से रेस्टोरेंट भी बनाया जा रहा है। उसके निकट बच्चों के मनोरंजन के लिए किड्स जोन भी बनाया जा रहा है।
डीएम ने ईओ को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को निर्धारित गुणवत्ता व मानक के अनुसार समय सीमा से पूर्व पूरा कराया जाए। मंदिर परिसर के पास निर्माणाधीन गोशाला का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि बाउंड्रीवॉल के चारों तरफ सुरक्षित कराया जाए। ईओ रामआसरे कमल ने बताया कि गोशाला के पास गोबर को एकत्रित कर कंपोस्टिंग कराई जाएगी।
जमीन के एक विवाद की शिकायत पर डीएम ने तहसीलदार सदर को निर्देश दिए कि सभी के खेतों की पैमाइश कर जगह चिह्नित की जाए। आपसी समन्वय से सिंचाई के लिए नाली का निर्माण कराने के साथ-साथ चकरोड से अवैध कब्जा हटवाया जाए।
उधर, निर्माणाधीन सेतु के काम में देरी होने से डीएम ने जुर्माना लगाने की बात कही। अधिकारी इसका लेखा-जोखा तैयार कर रहे हैं। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता, तहसीलदार सदर प्रकाश चौधरी, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन अमर सिंह समेत काफी संख्या में लोग रहे।