औरैया। चिरूहूली स्थित हाईवे पर शनिवार को ट्रक की टक्कर से चार लोगों की मौत के बाद गांव में मातम छाया है। परिवार सदमे में है। कमाऊ पूत की मौत ने पूरे परिवार की कमर तोड़कर रख दी। मृतक के बड़े भाई रंजीत का कहना है कि मेरी तो लाठी ही टूट गई। रविवार को चारों शवों को परिजनों ने शेरगढ़ घाट पर यमुना किनारे दफना दिया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव भीखमपुर दयालपुर निवासी राज गौतम बड़ी बहन की शादी के बाद घर चला रहा था। शनिवार को इटावा-कानपुर हाईवे पर विपरीत दिशा से आए ट्रक ने स्कूटी सवार राज, उसकी बहन पायल उर्फ प्रीती व बड़े भाई रंजीत के पुत्र विजय व पुत्री छाया को रौंद दिया था। इस हादसे ने पूरे परिवार को बुरी तरह झकझोर दिया है।
रविवार को घर के बाहर मृतक के बड़े भाई रंजीत अपने मासूम बच्चों की मौत का दर्द भी बयान नहीं कर पा रहे थे तो वहीं छोटे भाई की मौत भी उन्हें बुरी तरह तड़पा रही थी। कपड़ा सिलाई करने वाले रंजीत ने कहा कि आर्थिक स्थिति अच्छी न होने के कारण परिवार का ज्यादातर भार राज के कंधों पर था। दो साल पहले ही राज ने बड़ी बहन अनु की शादी की थी। जिसमें उसने पांच लाख रुपये खर्च किए थे। चार साल पहले दूसरे नंबर के भाई मुकेश की बीमारी से मौत हो गई थी। तीसरे नंबर का भाई कमल गुरुग्राम में परिवार समेत मजदूरी करता है। रंजीत के तीन पुत्र व एक पुत्री थी।