औरैया जिले में अछल्दा थाना क्षेत्र के बंशी गांव से डेढ़ किलोमीटर दूर खेत में आम के पेड़ से वन विभाग में तैनात दैनिक वेतन कर्मी का शव लटकता मिला। मृतक शुक्रवार सुबह दिबियापुर स्थित वन विभाग में काम करने के लिए गया था। परिजनों ने हत्या कर शव फांसी पर लटकाए जाने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अछल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम बंशी निवासी बलवीर सिंह (55) पुत्र रणवीर सिंह दिबियापुर वन विभाग दफ्तर में संविदा (दैनिक वेतन) पर कार्यरत है। बलवीर के पुत्र रोहित ने बताया कि उसके पिता ने रात को फोन कर बताया था कि आज वह घर नहीं आएंगे। शनिवार सुबह जब गांव के लोग खेतों पर निकले तो गांव से डेढ़ किलो मीटर दूर एक आम के पेड़ से उसके पिता का शव लटका मिला।
बलवीर का शव फांसी पर लटके होने की जानकारी मिलते ही परिवारीजनों के साथ गांव के लोग काफी संख्या में जा पहुंचे। परिजनों ने शव को देख हत्या कर शव लटकाए जाने का आरोप लगाना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतार कर फारेसिंक टीम बुला कर जांच कराई है। थाने दरोगा भागीरथ ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पैंट और गमछे से लटका मिला शव
आम के पेड़ पर शव लटका देख हर कोई घटना संदिग्ध मान रहा था। मृतक बलवीर के गले में उसके पैंट और एक गमछे से शव आम के एक डाल से लटका हुआ था। शव देख कर हर कोई फांसी पर न झूलने की चर्चा करता रहा। वहीं घटना स्थल से कुछ दूर पर मृतक का मोबाइल पड़ा मिला है।