अयाना। थाना अयाना क्षेत्र के प्रेमनगर में एक युवती का शव शनिवार सुबह घर के बाहर नीम के पेड़ में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। पुलिस जांच में आत्महत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। युवती ने इंटर के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी।
गांव प्रेमनगर निवासी पल्लू दोहरे की बेटी शिवानी (19) शुक्रवार रात खाने के बाद सोने चली गई थी। शनिवार सुबह गोबर डालने के लिए निकली पड़ोसी सुदीप की पत्नी रामा ने उसका शव घर के बाहर लगे नीम के पेड़ में दुपट्टे के फंदे से लटका देखा।
जानकारी पर शिवानी की मां श्रीदेवी, बहन रश्मि, इशिका, भाई शिवांशु, शिवम मौके पर पहुंचे और शव देख बिलख पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस पूछताछ में पिता ने बताया कि वह किसानी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि बेटी शिवानी (19) ने तीन साल पहले जिला पंचायत इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद वह घर पर रहकर महिलाओं के कपड़े सिलने का काम करती थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश पाल ने बताया कि युवती के आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले में परिजन की तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिजन ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।