टक्कर से डीसीएम में फंसे चालक को निकालते पुलिस व ग्रामीण
- फोटो : AURAIYA
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर पुरवा रहट के पास तेज रफ्तार ट्रक की डीसीएम से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें डीसीएम चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक डीसीएम में ही फंस गया था। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी व इंस्पेक्टर कोतवाली ने गैस कटर से डीसीएम कटवाकर चालक को बाहर निकाला। चालक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां से डॉक्टरों ने उसे सैफई रेफर कर दिया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव भाऊपुर पुरवा रहट के बीच शुक्रवार शाम पांच बजे दिल्ली से कानपुर जा रही एक डीसीएम की सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इससे डीसीएम का अगला हिस्सा अंदर की तरफ धंस गया और चालक त्रिलोक (28) पुत्र महेंद्र पाल निवासी मैनपुरी डीसीएम के अंदर फंस कर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे को देख आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। चालक को डीसीएम में फंसा देख तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव, इंस्पेक्टर कोतवाली आलोक दुबे व इंडियन ऑयल चौकी इंचार्ज प्रवेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गैस कटर मंगवाकर डीसीएम की चादर को कटवाकर चालक को बाहर निकाला।
चालक को घायलावस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से सैफई रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला। चालक को डीसीएम से बाहर निकालने मेें करीब एक घंटे का समय लग गया। इससे हाईवे पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। पुलिस ने डीसीएम व ट्रक को हटवाकर जाम खुलवाया।